हापुड़ में जरोठी रोड पर अवैध निर्माण को तोड़ता बुलडोजर।
- फोटो : HAPUR
अवैध निर्माण पर चला एचपीडीए का बुलडोजर
हापुड़। एचपीडीए द्वारा अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को टीम ने हापुड़ क्षेत्र में तीन अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा नामित मजिस्ट्रेट और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
प्राधिकरण की उपाध्यक्ष अर्चना वर्मा ने बताया कि अवैध निर्माण के खिलाफ रोस्टर जारी करके अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को प्राधिकरण के सक्षम अधिकारी दिनेश कुमार के दिशा-निर्देश में कार्रवाई की गई। इस दौरान गढ़ रोड स्थित गांव मुरादपुर के निकट वसीम रिजवी और सज्जन द्वारा पांच बीघा जमीन में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा गांव पटना मुरादपुर के निकट जरोठी रोड पर अमित केदार, विनय केदार, विपिन कुमार और श्याम द्वारा 17 बीघा जमीन में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया है। इसके अलावा गांव पटना रोड पर बिजलीघर के निकट 36 बीघा जमीन में जहीर द्वारा की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। इस दौरान मजिस्ट्रेट श्रद्धा गुप्ता, सहायक अभियंता प्रमोद कुमार शर्मा, वीरकेश कुमार राणा, विनोद कुमार, राकेश तोमर, देशपाल सिंह, सीपी सिंह और प्राधिकरण का सचल दस्ता सम्मिलित रहे। प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी दी कि यदि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कार्य कराया तो कठोर कार्यवाही की जाएगी। बृहस्पतिवार को गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई होगी।