श्यामपुर जट्ट में जलभराव पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, किया प्रदर्शन
हापुड़। श्यामपुर जट्ट में गंदगी से अटे तालाब के ओवर फ्लो होने के कारण दूषित पानी रास्तों व घरों में घुस रहा है। आवागमन में ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन कर, अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया। इस मामले में जिला पंचायत सदस्य ने डीएम को पत्र लिखकर अवगत कराया है।
जिला पंचायत सदस्य कृष्णकांत हूण ने बताया कि श्यामपुर जट्ट के सैनी मोहल्ले में स्थित तालाब गंदगी से अटा पड़ा है। बारिश के पानी से यह तालाब ओवरफ्लो हो चुका है। जिसके चलते गंदा पानी रास्तों पर भरा हुआ है। लोगों का घरों से निकलना दूभर हो रहा है। वाहन चालक आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं।
संक्रमण के इस दौर में भी अधिकारी ग्रामीणों की अनदेखी कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पंप के माध्यम से दूषित पानी की निकासी की मांग उठा चुके हैं। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इसके विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस मामले में कृष्णकांत हूण ने डीएम को पत्र लिखकर मामले से अवगत कराया है। प्रदर्शन करने वालों में जितेंद्र, संधु, बिजेंद्र सैनी, रामवीर, ओमवीर, भगवान दास, मुलायम सिंह आदि मौजूद रहे।