स्वास्थ्य कर्मी समेत 15 मरीजों में कोरोना की पुष्टि
हापुड़। जिले में शनिवार को स्वास्थ्य कर्मी समेत 15 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। संक्रमितों को आईसोलेशन वार्डों में भर्ती करा दिया गया है। साथ ही 12 मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए। संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग कराई जा रही है।
कोरोना का प्रकोप जिले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को एंटीजन किट की जांच में पांच व लैब की जांच में 10 मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले। इसमें एक पिलखुवा पीपीसी का स्वास्थ्य कर्मी है। इसके अलावा आवास विकास के दो, सराय चांद खां के एक, न्यू राजीव विहार के एक, भगवानपुरी के तीन, आदर्शनगर के एक, छज्जुपुरा के एक, सिखैड़ा के एक, शिवलोक कॉलोनी के एक, ततारपुर के एक, सैना सिंभावली के एक, गांधी कॉलोनी के एक मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है।
संक्रमित मरीजों को आईसोलेशन वार्डों में भर्ती करा। उनके संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग शुरू कर दी गई है। जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1558 पहुंच गई है। जबकि शनिवार को 12 मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए। इनके साथ ही अब स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 1445 पहुंच गई है। 92 मरीजों का उपचार जारी है, जबकि 21 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रेखा शर्मा ने बताया कि संक्रमित मरीजों को आईसोलेशन वार्डों में भर्ती करा दिया गया है। ट्रेवलिंग हिस्ट्री खंगाली जा रही है, संपर्क में आए लोग अपनी जांच अवश्य करा लें।