प्राधिकरण ने अवैध निर्माण को कराया ध्वस्त
हापुड़। अवैध निर्माण के खिलाफ शुक्रवार को प्राधिकरण अफसरों ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। वहीं, कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। जिसके क्रम में प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी दिनेश कुमार के दिशा-निर्देशन में पुलिस बल व प्राधिकरण की टीम के साथ कार्रवाई की गई। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष अर्चना वर्मा ने बताया कि गढ़ रोड स्थित मोहल्ला आर्य नगर में सचिन जिंदल, संजय अग्रवाल द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण का ध्वस्तीकरण किया गया। इसके अलावा दादरी रोड स्थित गांव असौड़ा के निकट डायमंड बोन फैक्ट्री पर धर्मवीर सैनी द्वारा बिना मानचित्र पास कराए निर्मित भवन में दो दुकान व सात कमरों को सील किया गया। इस अभियान में देशपाल सिंह, राकेश तोमर, वीरेश कुमार राणा, विनोद कुमार एवं प्राधिकरण का सचल दस्ता शामिल था। उपाध्यक्ष ने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।