बारिश से शहर हुआ बेहाल, जलमग्न हुईं सड़कें
हापुड़। बृहस्पतिवार को भी बारिश से शहर बेहाल नजर आया। जगह-जगह जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ाए रखी। सड़कों से लेकर मोहल्लों में पानी भर गया। जलनिकासी के बाद सड़कों पर फैली कीचड़ से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पिछले दो दिनों से आफत भरी बारिश का प्रकोप जारी है। बुधवार को शहर में मूसलाधार बारिश होने से बाढ़ जैसे हालात भी रहे थे। हालांकि बृहस्पतिवार को भी बारिश से कई गली-मोहल्लों में जलभराव से लोगों को जूझना पड़ा।
शहर में गढ़ रोड, सिकंदर गेट, मीनाक्षी रोड सहित कई स्थानों पर जलभराव की समस्या देखने को मिली। लोग बारिश से बचने के लिए छाता आदि का भी प्रयोग करते रहे। बरसात के बाद सड़क पर नालों से निकली सिल्ट व कीचड़ ने मुसीबत बढ़ा दी। दिल्ली रोड, मेरठ रोड, बुलंदशहर रोड व गढ़ रोड पर यही स्थिति रही।
सड़कों पर पड़ा कूड़ा, लोगों का निकलना हुआ दूभर
बृहस्पतिवार को बुलंदशहर रोड, गोल मार्केट, फ्रीगंज रोड पर गंदगी पड़ी होने की वजह से भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। नालों से निकला कूड़ा सड़कों पर पड़ा रहा। जिसे पालिका के सफाई कर्मियों नहीं हटाया। गंदगी व बदबू के चलते लोगों का निकलना दूभर हो गया।
नगर पालिका मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि शहर में एकाएक बारिश होने पर नीचे स्थानों पर जलभराव की समस्या होती है। बारिश बंद होने पर जलभराव की समस्या नहीं रहती है।