स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ कोरोना पॉजिटिव
हापुड़। स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ एंटीजन किट की जांच में पॉजिटिव आए हैं। हालांकि उनमें अभी पुष्टि नहीं की गई है, क्योंकि किट में पॉजिटिव वाली लाइन काफी माइनर थी। अब उनका दोबारा सैंपल जांच के लिए आरटी-पीसीआर लैब भेजा गया है। इससे विभाग में हड़कंप है। वहीं बृहस्पतिवार को 6 अन्य मरीजों में भी कोरोना की पुष्टि हुई। जबकि 18 मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए।
डिप्टी सीएमओ की बृहस्पतिवार को एंटीजन किट द्वारा जांच कराई गई थी। जिसमें उनमें कोरोना संक्रमित के लक्षण पाए गए है। सूचना पर सीएमओ समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। आननफानन में उन्हें चिकित्सकों ने पिलखुवा स्थित एक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर दिया है। बताया गया है कि एंटीजन किट की जांच के दौरान पॉजिटिव वाली लाइन काफी हल्की थी। जिसके चलते उन्हें अभी पॉजिटिव नहीं कहा जा सकता। हालांकि लक्षण जरूर बताए जा रहे हैं। पुख्ता जांच के लिए उनके सैंपल लेकर अब आरटी-पीसीआर लैब में भेजे गए हैं। डिप्टी सीएमओ कोरोना महामारी को लेकर बनी मॉनेटरिंग टीम के प्रभारी थे। इसलिए उनका मिलना स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों से भी रहा है। उनमें लक्षण मिलने के बाद से संपर्क में आए अधिकारियों में भी हड़कंप है।
वहीं जिले के विभिन्न क्षेत्रों के छह और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें से एक मरीज गांव गोयना, एक मरीज लुखराड़ा, एक मरीज असौड़ा, एक मरीज ग्रीन वेली, एक मरीज आवास विकास और एक मरीज शिवपुरी निवासी है। इन्हें भी उपचार के लिए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है।
वहीं 18 और मरीजों की उपचार के बाद जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें स्वस्थ घोषित कर होम क्वारंटाइन करा दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि जिले में अभी तक 1529 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 1412 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। 96 मरीजों का उपचार कराया जा रहा है। 21 मरीजों की अभी तक मौत हो चुकी है।