पौधों की सुरक्षा के लिए सड़क के दोनों तरफ होगी तार बंदी
हापुड़। ग्रीन बेल्ट में पौधों की सुरक्षा के लिए वन विभाग सड़क के दोनों तरफ तार बंदी कराएगा। पौधों की सुरक्षा से लेकर रख रखाव की जिम्मेदारी वन विभाग की होगी। हापुड़ किठौर रोड पर खंभे गाड़ने का कार्य शुरू हो चुका है, जल्द ही तारबंदी का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।
हापुड़ किठौर रोड पर करीब 15 हेक्टेयर भूमि पर वन विभाग द्वारा पांच जुलाई को पौधरोपण किया गया था। इस दौरान हापुड़ से टियाला के बीच एक साइड में 6250 और दूसरी साइड में 3125 पौधों का रोपण किया गया था। इन पौधों की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी वन विभाग की है। शासन द्वारा जारी आदेशों के बाद वन विभाग द्वारा ऐसी ग्रीन बेल्ट में तारबंदी की जा रही है। इसके लिए हापुड़ किठौर रोड पर भी सड़क के दोनों ओर पिलर गाड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इन पिलर पर पांच कटीले तार खींचे जाएंगे। तार खींचने को लेकर उद्देश्य है पेड़ों को शरारती तत्वों व सड़क पर विचरने वाले जानवरों से बचाया जा सके। हालांकि कटीले तारों की चोरी के होने की भी प्रबल संभावना जरूर है।
वन सांख्यिकी अधिकारी ममित राणा ने बताया कि ग्रीन बेल्टों में पेड़ों की सुरक्षा के लिए पांच कटीले तारों से तारबंदी का कार्य किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर पिलर लगाने का कार्य तेजी से जारी है, जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद तारबंदी की जाएगी।