15 अगस्त का दिखा जोश, खूब बिके तिरंगे
हापुड़। स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों ने खूब तैयारी की हैं। शुक्रवार को बाजार में लोगाें ने जमकर खरीदारी की। युवाओं में तिरंगे वाली टीशर्टों और टोपियों की धूम रही।
15 अगस्त यानि स्वतंत्रता दिवस पर स्कूलों से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होते हैं। हालांकि इस बार कोरोना को लेकर स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले कार्यक्रम पर ग्रहण रहेगा, लेकिन हापुड़ में रेलवे रोड पर तिरंगा की ब्रिकी को लेकर सजी दुकानें देश के प्रति प्यार और दीवानगी को ही बता रही हैं। रेलवे रोड पर दुकान करने वाले सुमित ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर छोटे से लेकर बड़े तिरंगा झंडों की काफी डिमांड रहती है। स्कूल-कॉलेजों से लेकर सरकारी कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित होते हैं। हालंाकि इस बार कोरोना को लेकर लोग घरों पर स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे। 15 अगस्त को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। बाजारों में तिरंगे झंडे तिरंगे के साथ-साथ केसरिया, हरे और सफेद रंग के कॉबिनेशन से बने सामानों की भी खूब धूम है।
वहीं अधिकांश घरों पर तिरंगा लहराने लगा है। गली-मोहल्लों में बच्चों में भी तिरंगे को लेकर खुमारी दिखने लगी है। निजी कार्यालयों में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भी केसरिया, हरे, सफेद गुब्बारे और छोटे-छोटे तिरंगे झंडों की रौनक दिखी।
बच्चों और युवा को भा रही टीशर्ट
- रेलवे रोड पर सजी दुकानों पर बच्चों और युवाओं की डिमांड का खास ध्यान रखा गया है। इसमें टीशर्ट से लेकर तिरंगा वाली पगड़ी आदि भी खूब बिक रही हैं, लेकिन युवाओं को तिरंगे के साथ-साथ तिरंगे के रंग में बनी व प्रिटिंड टीशर्ट भी खूब लुभा रही हैं। युवाओं से लेकर बच्चे भी तिरंगा झंडा और टीशर्ट की खरीदारी कर रहे हैं।
रेंज बजट में फिट
- तिरंगा छपी टीशर्ट सभी के बजट में फिट है। बाजार में पांच रुपये से लेकर 400 रुपये तक के प्लास्टिक और कपड़े के झंडे शामिल हैं। टीशर्ट भी 200 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की रेंज में मौजूद हैं।