सीओ, तहसीलदार समेत 11 मरीजों में कोरोना की पुष्टि, हड़कंप
हापुड़। पिलखुवा सीओ, धौलाना तहसीलदार और सीएमओ कार्यालय के एआरओ समेत 11 मरीजों में कोरोना की पुष्टि से हड़कंप मच गया है। आननफानन में मरीजों को आइसोलेशन वार्डों में भर्ती करा दिया गया है। वहीं 27 मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए हैं। जिले में अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1479 पहुंच गई है।
कोरोना का प्रकोप अब पुलिस कर्मियों व प्रशासनिक अधिकारियों में भी फैलने लगा है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में पिलखुवा सीओ और धौलाना तहसीलदार में भी कोरोना की पुष्टि हो गई है। साथ ही सीएमओ कार्यालय में तैनात एआरओ भी पॉजिटिव मिली है। इन जांच रिपोर्ट के आने के बाद से हड़कंप मच हुआ है। इसके अलावा 11 और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें से एक मरीज फ्रीगंज रोड, एक मरीज सरस्वती एंक्लेव, एक मरीज ततारपुर, तीन मरीज सराय, एक मरीज गालंद, एक मरीज अचपल गढ़ी पिलखुवा, एक मरीज गिरधरपुर, एक मरीज धौलाना निवासी है। इनके संपर्क में आने वाले व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। जिले के 27 और मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो गए, इन मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल सभी के स्वास्थ्य पर चिकित्सक लगातार नजर बनाए रखेंगे।
गढ़मुक्तेश्वर निवासी की दिल्ली में हुई मौत
- दिल्ली में मजदूरी करने वाले गढ़मुक्तेश्वर निवासी एक व्यक्ति की दिल्ली के ही एक अस्पताल में बृहस्पतिवार को मौत हुई है। परिजनों का कहना है कि मौत कोरोना से हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस मामले की जानकारी होने से इंकार कर रहे हैं।
कोट
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि जिले में अभी तक 1479 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 1351 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 109 मरीजों का उपचार कराया जा रहा है। 19 मरीजों की अभी तक मौत हो चुकी है।