बाजारों में उमड़ी भीड़ से जाम हुई सड़कें, पुलिस नदारद
हापुड़। रक्षाबंधन और बकरीद से पहले बाजार में उमड़ी लोगों की भीड़ के कारण शहर मेें अतरपुुरा और पक्काबाग चौराहे पर भयंकर जाम के हालात रहे। इस दौरान पुलिसकर्मी नदारद रहे, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोग खुद ही वाहनों से उतरकर जाम खुलवाते हुए नजर आए।
शनिवार को बकरीद और सोमवार को रक्षाबंधन का त्योहार है। इन त्योहारों को लेकर शुक्रवार को बाजारों में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। अतरपुरा पर गोल मार्केट की दुकानें भले ही आदेशों के अनुसार बंद हों, लेकिन इसके बावजूद यहां कुछ दुकानें चोरी छिपे खुली रहने के कारण काफी भीड़ भाड़ रही। इसके अलावा रेलवे रोड आदि दुकानें खुली होने के कारण यहां भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी को पहुंचे। जिसके कारण सुबह से दोपहर तक पक्काबाग और अतरपुरा चौपला के बीच भयंकर जाम की स्थिति बनी रही। यहां से निकलने की आपाधापी में जाम ने और भयंकर रूप धारण कर दिया। बड़ी बात रही कि इस दौरान अतरपुरा चौकी पुलिस भी नदारद रही। चौकी पर ताला पड़ा रहा और यहां पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के लिए मौजूद नहीं थे। बड़ी बात यह भी है कि लॉकडाउन खुलने के बाद जिले में अपराध का ग्राफ बढ़ा है लेकिन इसके बावजूद पुलिस चौकस नहीं दिख रही है।
सीओ सिटी राजेश कुमार का कहना है कि बाजारों में पुलिस बल का न हो होना लापरवाही है। लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।