जिले में इस साल नहीं बढ़ेंगे सर्किल रेट!
हापुड़। जिले में इस बार सर्किल रेट नहीं बढ़ेंगे। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, बैनामा लेखकों और बार के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रेटों को यथावत रखने का खाका तैयार किया है। कोरोना संकट काल को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि इस पर डीएम की आधिकारिक मोहर लगनी बाकी है।
पिछले कुछ दिनों से जन प्रतिनिधियों और संगठनों द्वारा कोरोना संकट काल को देखते हुए जिले में इस वर्ष सर्किल रेटों मेें बढ़ोत्तरी न किए जाने की मांग की थी। इसके पीछे तर्क था कि कोरोना काल में सभी लोग बुरी तरह से आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे मेें वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इस बार जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष सर्किल रेटों में किसी प्रकार की बढ़ोत्तरी न की जाए। लोगों की इस मांग को लेकर एडीएम जयनाथ यादव द्वारा उपनिबंधकों, दस्तावेज लेखक संघ, बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें मुख्य रूप से उल्लेख किया गया था कि कोविड -19 महामारी के चलते जनता की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। ऐेसे में यदि सर्किल रेट बढ़ाये जाते हैं तो बढ़ी हुई दरों को जनता द्वारा वहन करना मुश्किल होगा। एडीएम ने बताया कि इसके अलावा उपनिबंधकों द्वारा भी यह अवगत कराया गया है कि कोरोना महामारी के कारण रियल एस्टेट में मंदी है और निवेशकों में अचल संपत्ति के क्रय विक्रय में रुचि कम है। ऐसे में उन्होंने राजस्व हित और जनहित में वर्तमान में प्रचलित सर्किल रेट को ही उनके समस्त प्रावधानों सहित एक अगस्त से अगले एक वर्ष तक यथावत रखने की बात कही है।
कोट-
एडीएम जयनाथ यादव का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उप निबंधकों को सर्किल रेट न बढ़ाये जाने का प्रस्ताव संबंधित उप जिलाधिकारियों के पास हस्ताक्षर के लिए भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद इसे डीएम के समक्ष हस्ताक्षर के लिए भेजा जाएगा।
ये हैं वर्तमान मुख्य स्थानों के सर्किल रेट (प्रति वर्ग मीटर)
क्षेत्र हापुड़ प्रथम ---
रेलवे रोड - 23 हजार रुपये
आनंद विहार - 11500
आवास विकास संजय विहार - 13 हजार
सूर्य विहार - 25 हजार
विवेक विहार -19 हजार
-----------
हापुड़ द्वितीय --
शिवपुरी -20 हजार
ज्ञानलोक -27500
श्रीनगर -20 हजार
रामगंज -20 हजार
--
धौलाना / पिलखुवा क्षेत्र ---
कृष्ण गंज -15500
गांधी बाजार - 11 हजार
जवाहर बाजार (सेंट्रल बैंक तक )- 21500
टीचर कालोनी -12 हजार
मोहल्ला पुरा -13हजार
मठमलियान -15 हजार
रजनी विहार -65000
मोहन नगर - 7 हजार
मंडी मोहल्ला - 6 हजार
दिनेश नगर - 8 हजार
---
गढ़मुक्तेश्वर/ ब्रजघाट क्षेत्र --
अल्लाबख्शपुर -6300 रुपये
इंद्रनगर - 6 हजार
गंगा कालोनी - 5 हजार
गढ़ बाजार - 5800 रुपये
नाजिम कालोनी - 7 हजार
ब्रजघाट (दक्षिण) -7700
ब्रजघाट (उत्तर) -8400
रिफ्यूजी कालोनी -6600
शाहपुर चौधरी - 5 हजार