दहेज के लिए विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
हापुड़। दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को न सिर्फ जान से मारने का प्रयास किया बल्कि उसे जख्मी हालत में घर से निकाल दिया। पीड़िता ने ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला जेेके कालोनी निवासी योगेश की शादी गाजियाबाद के सुपरटेक क्रासिंग निवासी अर्चना गौड़ पुत्री राजेश शर्मा के साथ 2010 में हुई थी। अर्चना ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पांच लाख रुपये व कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर इन लोगों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। वह काफी समय तक पति की प्रताड़ना झेलती रही। आरोप है कि 20 मार्च को उसके पति व अन्य ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसके पुत्र के साथ घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता के अनुुुसार 26 जुलाई को उसके परिजन व रिश्तेदार उसके ससुरालियों तो समझाने के लिए जेके कालोनी पहुंचे थे। तभी उसका देवर सचिन दो अज्ञात लोगों के साथ घर पहुंचा और सभी पर जान लेवा हमला बोल दिया। मारपीट में सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए। मोहल्ले के लोगों ने बमुश्किल उन्हें बचाया। सोमवार को मायके वालों के साथ पीड़िता थाने पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की।
देहात थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश भारती का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी योगेश, राजेंद्र, रेनू, राखी, अमित व दो अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।