पेड़ से लटका मिला किशोरी का शव
गढ़मुक्तेश्वर। कल्याणेश्वर मंदिर के पास आम के बाग में एक किशोरी का शव पेड़ पर लटका मिला। जिसे देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। मामला आत्महत्या का होने के कारण परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव जनूपुरा निवासी एक किसान की 16 वर्षीय बेटी मंगलवार की सुबह को पास के गांव कल्याणपुर में स्थित कल्याणेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए कहकर घर से निकली थी। जिसका शव सुबह करीब आठ बजे मंदिर के पास स्थित एक आम के बाग में पेड़ पर लटका मिला। शव को देख आसपास मौजूद किसानों में हड़कंप मच गया। किसानों और ग्रामीणों ने पुलिस और किशोरी के परिजनों को सूचना दी। किशोरी के शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतार कर कब्जे में ले लिया और जांच पड़ताल की। वहीं मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि किशोरी मानसिक रूप से बीमार थी और पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुकी है। जिसके बाद परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई किशोरी का अंमित संस्कार कर दिया।
इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि किशोरी के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। इसके अलावा मामला आत्महत्या का है। जिसके बाद परिजनों को शव दे दिया गया है।