कंटेनमेंट जोन में खुलीं दुकानें व बैंक, प्रशासन ने कराए बंद
हापुड़। कंटेनमेंट जोन में प्रशासन भले ही सख्ती का दावा कर रहा हो लेकिन यहां नियमों की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सोमवार को
कुछ दुकानदारों ने कंटेनमेंट जोन में दुकानें खोल ली। वहीं गढ़ रोड स्थित एक बैंक भी खुला। आधार शटर डालकर यहां दिन भर कामकाज हुआ। हालांकि एसडीएम सत्यप्रकाश व कोतवाली प्रभारी सुबोध सक्सेना को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने दुकानें तो बंद करा दीं लेकिन बैंक में कामकाज बंद नहीं कराया। इससे व्यापारियों ने एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए रोष जताया।
प्रशासन की सख्ती के बावजूद कुछ दुकानदार कंटेनमेंट जोन में भी बाजार खोल रहे हैं। दो दिन की बंदी के बाद सोमवार को एक बार फिर कुछ दुकानदारों ने कंटेनमेंट जोन में बाजार खोल लिए गए। गढ़ रोड पर कंटेनमेंट जोन में बैंक भी खुला हुआ था। इस बैंक में आधा शटर डालकर पूरे दिन कार्य किया जा रहा है। पहले भी इसकी शिकायतें मिलती रही हैं। लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि कंटेनमेंट जोन में आ रहे बैंक बंद हैं। वहां कोई काम नहीं हो रहा है।
इसके अलावा इन क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही जारी रही। अतरपुरा चौकी के पास लगी बैरिकेडिंग को हटाकर लोगों का पूरे दिन आना जाना लगा रहा। पुलिस या तो यहां से नदारद मिली या नियम तोड़ रहे लोगों को देखकर भी अनजान बनी रही। इसक अलावा प्रतिबंधित क्षेत्रों में फलों और सब्जियों के ठेले लगे रहे। उधर, दुकानदारों द्वारा बाजार खोले जाने की सूचना पर एसडीएम सत्यप्रकाश, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना पुलिस बल के साथ खुली दुकानों को बंद कराया। टीम ने दुकानें बंद कराते हुए दुकानदारों को चेतावनी दी। एसडीएम ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।