छतनौरा प्रधान पर जानलेवा हमला, घायल
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव छतनौरा के गांव प्रधान पर सरकारी चकरोड की पैमाइश के दौरान कुछ ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। जिसमें ग्राम प्रधान व उनके कुछ समर्थक घायल हो गए। प्रधान को गंभीर चोट आई है। प्रधान ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव छतनौरा में सोमवार को एक सरकारी चकरोड की पैमाइश होनी थी। जिसका गांव के ही कुछ लोग विरोध कर रहे थे। शाम के समय कानूनगो, लेखपाल आदि ने विवाद के बीच पैमाइश को पूरा किया और वापस लौट गए। ग्राम प्रधान सुमित पधान ने बताया कि इस पैमाइश से असंतुष्ट कुछ ग्रामीण टीम के जाने के बाद मौके पर पहुंच गए और उनसे विरोध जताने लगे। इसी बीच करीब 10-15 लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। इन लोगों ने मारपीट करते हुए प्रधान सुमित पर फावड़े से हमला कर दिया। जिसमें प्रधान के सिर में गंभीर चोट आयी है। इसके अलावा उनके कुछ समर्थकों के साथ भी जमकर मारपीट की गई। जिसमें कई लोग घायल हो गए। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित प्रधान और समर्थकों ने थाने में मामले की शिकायत की है। बाबूगढ़ थाना प्रभारी राहुल चौधरी ने बताया कि घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।