दिल्ली रोड पर बारिश से हुई कीचड़
हापुड़। पिछले दिनों दिल्ली रोड पर सीवर लाइन निर्माण के लिए खोदी गई सड़क अब बरसात में समस्या बन रही है। रविवार को हुई बारिश से सड़क पर कीचड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हापुड़ शहर में सीवर लाइन निर्माण कार्य चल रहा है। मार्च माह में लॉकडाउन लगने की वजह से कार्य प्रभावित हुआ था। अनलॉक-एक में फिर से सीवर लाइन निर्माण कार्य शुरू हो गया। सीवर लाइन के लिए खोदी जा रही सड़क अब परेशानी का सबब बनने लगी है। रविवार को कुछ मिनटों की बारिश में ही सड़क पर पड़ी मिट्टी नीचे बैठ गई और सड़क पर कीचड़ जैसे हालात भी पैदा हो गए। इससे राहगीर और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी।
जल निगम एई मोहम्मद मोईज ने बताया कि सीवर लाइन निर्माण कार्य चल रहा है। जल्द ही कार्य पूर्ण हो जाएगा। लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।