बैरिकेडिंग पर नहीं दिखी पुलिस, वाहनों का जमकर हुआ आवागमन
हापुड़। कोरोना महामारी में रविवार को सख्त बंदी के आदेश होने के बावजूद हापुड़ मेरठ बॉर्डर पर बनी बैरिकेडिंग पर कोई पुलिस कर्मी नजर नहीं आया। हजारों वाहन फर्राटा भरते हुए हापुड़ की सीमा में दाखिल हुए। इससे आदेशों की जमकर अवहेलना हुई, हालांकि सुबह के समय पुलिस कर्मियों ने जरूर चेकिंग अभियान चलाया था।
कोरोना महामारी की चेन को तोड़ने के लिए शासन से समूचे उत्तर प्रदेश में शनिवार और रविवार को सख्त बंदी के आदेश हैं। जिले में भी सीमाओं को सील कर, सख्ती बरतने के आदेश दिए गए। शनिवार को जिले की सीमाओं पर सख्त पहरा नजर आया। रविवार को हापुड़ मेरठ बॉर्डर पर लगी बैरिकेडिंग पर आदेशों का मजाक उड़ता नजर आया। हजारों वाहन यहां से हापुड़ की सीमा में प्रवेश कर रहे थे। जिनका असर शहर के अंदर आने पर पुलिस कर्मियों को भुगतना पड़ रहा था। बैरिकेडिंग पर जांच तो दूर कोई पुलिस कर्मी भी मौजूद नहीं था। हालांकि पास ही में बनी चौकी पर जरूर कुछ पुलिस कर्मी बैठे थे। इस संबंध में उन्होंने बताया सुबह चेकिंग अभियान चलाकर चालान किए थे।