संक्रमित मृतक के संपर्क में आए 30 से अधिक लोग
हापुड़। गोल मार्केट में मृतक कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए 30 से अधिक लोगों की बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपलिंग की। पूरे दिन टीम संपर्क में आए लोगों की तलाश करने में भी जुटी रही।
उल्लेखनीय है कि गोल मार्केट निवासी एक 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यापारी में कोरोना की पुष्टि हुई थी। हालांकि इससे पूर्व उनकी मौत हो गई। परिजनों ने अंतिम संस्कार भी कर दिया। उनके अंतिम संस्कार में काफी लोग भी शामिल हुए थे।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गोल मार्केट में जाकर, संपर्क में आए लोगों की तलाश की। इस दौरान 30 से अधिक लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे। साथ ही इन लोगों को घरों में क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए। परिजनों से पूछताछ कर, ट्रेवलिंग हिस्ट्री भी खंगाली गई। इस दौरान बहुत से लोगों ने खुद ही अपनी सैंपलिंग कराई।
सीएमओ डा.रेखा शर्मा ने बताया कि मृतक के संपर्क में आए लोगों की तलाश कर सैंपलिंग की जा रही है। सरकारी अस्पताल पर भी जांच कराई जा सकती है।