गन्ना भुगतान के भाकियू ने कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
हापुड़। गन्ना भुगतान, डीजल पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी के विरोध में भाकियू असली के पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया वहीं प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन देकर, इन समस्याओं के निस्तारण की आवाज उठाई।
भाकियू असली के जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिरोही ने कहा कि सरकार द्वारा तेल को अंतर्राष्ट्रीय मूल्य से जोड़ा गया था। लेकिन क्रूड ऑयल मूल्य निम्न स्तर पर होते हुए भी तेल मूल्य में प्रतिदिन अत्यधिक वृद्धि कर जन मानव को त्रस्त किया जा रहा है। जिले के किसानों का शुगर मिलों ने महज दो फीसदी ही भुगतान किया है। ऐसे में किसान महंगा डीजल और जरूरत के सामान भला कैसे खरीद पाएंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार घोषणा की गई थी कि किसानों की आय दोगुनी करेंगे। दुर्भाग्य है कि किसान का जो न्यूनतम मूल्य घोषित किया गया है। वह भी प्राप्त नहीं हो पा रहा है। बिजली के दामों में भी लगातार बढ़ोत्तरी की जा रही है। इन समस्याओं से किसान आर्थिक तंगी में पड़ते जा रहे हैं। समस्याओं के निस्तारण को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन कलक्ट्रेट में सौंपकर, राहत की मांग उठाई है।
इस मौके पर कर्मवीर सिंह, जगत शर्मा, राजू तेवतिया, चंद्रशेखर बाना, चौधरी राहुल, चौधरी वीरपाल सिंह, नीरज गुर्जर आदि मौजूद रहे।