जिले में 6 जुलाई से खुलेंगे माध्यमिक स्कूल
हापुड़। जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद से जुड़े स्कूल 6 जुलाई से खुलेंगे। फिलहाल शिक्षकों को स्कूलों में उपस्थित होकर, छात्रों को ऑनलाइन ही पढ़ाना होगा। छात्रों को अभी स्कूल नहीं जाना होगा।
कोरोना महामारी के बाद से जिलेभर में तमाम स्कूल/कॉलेज बंद चल रहे हैं। एक जुलाई से बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े परिषदीय विद्यालयों को खोल दिया गया था। शिक्षकों ने स्कूल आकर छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाना भी शुरू कर दिया। लेकिन माध्यमिक शिक्षा परिषद से जुड़े स्कूलों को लेकर कोई आदेश नहीं आ सका था।
अब शासन से माध्यमिक शिक्षा परिषद से जुड़े स्कूलों को 6 जुलाई से खोलने के भी निर्देश मिल गए हैं। आनन फानन में डीआईओएस ने सभी स्कूलों को निर्देशित भी कर दिया है। फिलहाल शिक्षकों को ही स्कूल में आना होगा और यहीं से छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाना भी होगा। महामारी के चलते छात्रों को अभी स्कूल बुलाने के कोई आदेश नहीं मिले हैं।
हालांकि हॉटस्पॉट इलाकों में स्कूल पहले की तरह बंद रहेंगे। क्योंकि इन क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा सीलिंग की कार्रवाई की गई है। ऐसे में शिक्षक यहां नहीं जा सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक निशा आस्थाना ने बताया कि शासन से आदेश मिल चुके हैं। 6 जुलाई से समस्त स्कूल खुलेंगे। शिक्षकों को स्कूल आना होगा, फिलहाल छात्रों को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा।