अब अंधेरा होते ही जिले के बार्डर पर चलेगा चेकिंग अभियान
हापुड़। लॉकडाउन हटने के बाद लगातार बढ़ रहे अपराध की रोकथाम के लिए अब पुलिसकर्मियों को बार्डर पर सघन जांच के आदेश दिए गए हैं। दिन ढलते ही पुलिस जिले के सभी मार्गों पर मौजूद रहकर देर रात तक जांच करेगी। वहीं नई गाइडलाइन के तहत जारी नियमों का भी पालन कराएगी।
जिलों में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की चौकसी के बावजूद बदमाश दो कदम आगे नजर आ रहे हैैं। प्रदेश भर में रात ही नहीं दिन दहाड़े भी लूट और हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।
जिले में भी पिछले कुछ दिनों में कई मामले प्रकाश में आए हैं। सबसे अधिक घटनाएं मोबाइल और चैन स्नैचिंग की हुई हैं। बाइक सवार ऐसे बदमाश अभी भी पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए हैं।
लगातार हो रहे वारदातों को रोकने के लिए शासन ने पुलिस को हाईवों और शराब के ठेकों के पास विशेष निगरानी के आदेश के साथ दिन ढलने के बाद बार्डर से लगे रास्तों पर चेकिंग के आदेश दिए हैं।
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि रात के समय संबंधित थानों की पुलिस अपने अपने क्षेत्र के जिले के बार्डर पर तैनात रहकर सघन चेकिंग करेगी। मुख्यमार्गों के साथ साथ दूसरे रास्तों पर भी नाका बनाकर वाहनों और लोगों की सघन जांच की जाएगी। नई गाइड लाइन के तहत जारी नियमों का भी पालन कराया जाएगा।