मीट व्यापारी के घर लाखों की चोरी
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला मदरसा सादात सिकंदरगेट निवासी मीट व्यापारी के मकान में घुसे चोरों ने अलमारी के ताले तोड़कर सोना व नकदी चोरी कर लिए। सुबह जागने के बाद परिजनों को चोरी के बारे में पता चला। पीड़ित ने मामले को लेकर कोतवाली में तहरीर दी है।
अनलॉक वन में आपराधिक वारदातों में इजाफा हुआ है। मंगलवार रात चोरों ने मोहल्ला मदरसा सादात सिकंदरगेट निवासी मीट व्यापारी गुलहसन उर्फ गुल्लू के घर को निशाना बनाया। गुलहसन के अनुसार मंगलवार रात वह अपने भाईयों के साथ एक कमरे में जबकि उसकी पत्नी व बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। देर रात ऊपर जीने के दरवाजे का ताला तोड़कर चोर मकान में घुस आए। चोरों ने एक अन्य कमरे में अलमारी के ताले तोड़कर यहां रखे साढ़े आठ तोले के जेवर व कबर्ड में रखे में 3.65 लाख रुपये चोरी कर लिए। चोरी के बाद चोर बिना आहट किए फरार हो गए। सुबह जागने पर परिवार को चोरी के बारे में पता चला। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।