मीडिया एजेंसी संचालक की मौत मामले में पत्नी पर हत्या का आरोप
हापुड़। कुछ माह पहले एक मीडिया एजेंसी संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मृतक के भाई ने मृतक की पत्नी के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित का आरोप है कि इस संबंध में एक ऑडियो वायरल हुई है। जिसमें युवक की हत्या का षणयंत्र रचने की बात कही गई है।
जनपद गाजियाबाद के हरबंसनगर निवासी ओमकार ने बताया कि उसका भाई हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ले में रहता था और मीडिया एजेंसी चलाता था। उसके भाई की शादी बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से हुई थी। आरोप है कि संपत्ति हड़पने के लालच में उसकी भाभी ने मायके पक्ष के लोगों के साथ मिलकर अपने पति की जहर देकर हत्या कर दी। इस मामले का खुलासा हाल ही में वायरल हुई ऑडियो रिकार्डिंग के बाद हुआ है। ऑडियो में आरोपी अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर हत्या की बात कह रही है।
एसपी संजीव सुमन ने बताया कि संबंधित तथ्यों को ध्यान में रखते हुए संबंधित थाने की पुलिस को मामले की जांच करने के आदेश दिए गए है। ऑडियो की भी जांच की जा रही है।