कृषि गोष्ठी में किसानों को दिए आधुनिक खेती के टिप्स
हापुड़। कृषि उत्पादन आयुक्त उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी का लाइव प्रसारण कृषि विभाग की वेबसाइट पर किया गया। उप कृषि निदेशक के निर्देश पर किसानों को यह गोष्ठी दिखायी गई। जिसमें किसानों को आधुनिक खेती के टिप्स मिले।
वझीलपुर में किसान ज्ञानेंद्र त्यागी के आवास पर भी इस गोष्ठी का प्रसारण हुआ। गोष्ठी में बताया गया कि हरी खाद को किसान भाइयों को अपनाना चाहिए। प्रदेश में तिलहन व दलहनी फसलों का उत्पादन कम हो रहा है, किसान इन फसलों को उगाकर अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। गोष्ठी में उद्यान विभाग, कृषि विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व कृषि विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी दी। इस अवसर पर गतवर्ष उत्तर प्रदेश में सरसों उत्पादन में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ द्वारा प्रथम पुरस्कार से सम्मानित सारिका त्यागी, चौधरी सोमेन्द्र सिंह, ज्ञानेंद्र त्यागी समेत कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक हौसला प्रसाद, बिजेन्द्र सिंह मौजूद रहे।