सिंभावली क्षेत्र में 38 दिन बाद दुकानें खुली, उमड़ी भीड़
गढ़मुक्तेश्वर। गांव बक्सर में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद सिंभावली क्षेत्र का तीन किलोमीटर का एरिया सील कर दिया गया था। अब ग्रीन जोन घोषित होने के बाद क्षेत्र में 38 दिन बाद किराना, दूध, फल, सब्जी की दुकानों समेत बैंक शाखाएं खुली। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन बाजार और बैंक खुलने के बाद लोगों की उमड़ी भीड़ ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया। जिससे कोरोना संक्रमण एक बार फिर फैलने की संभावना बन गई है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर में पांच कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के चलते प्रशासन द्वारा बक्सर, सिंभावली मिल क्षेत्र समेत तीन किलोमीटर का एरिया सील कर दिया गया था। लेकिन काफी समय से कोई अन्य पॉजिटिव केस सामने न आने के चलते सोमवार को जिला प्रशासन ने क्षेत्र को अनसील कर दिया है। अनसील होने के बाद सुबह सात बजे किराना, दूध, फल, सब्जी, मेडिकल स्टोर समेत आवश्यक सामान की दुकानें खुल गईं। बाजार खुलने से लोगों की परेशानी कम हुई हैं। बाजार खुलने के बाद सुबह से ही लोगों की चहल कदमी भी शुरू हो गई। इसके अलावा क्षेत्र में स्थित विभिन्न बैंक शाखाएं भी खुलीं। वहीं इस छूट का फायदा उठाते हुए कुछ दुकानदारों ने गैर जरूरी सामान की दुकानें भी खोल दी। मंगलवार को बाजार में उमड़ी लोगों की भीड़ से चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। दुकानों और बैंक शाखाओं के बाहर खड़े लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन तक नहीं किया। जिससे एक बार फिर क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के फैलने की संभावना बन गई है। जिसके चलते पुलिस-प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
एसओ सिंभावली महेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बाजार में पहुंचकर खुली गैर जरूरी सामान की दुकानों को बंद कराते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। वहीं सभी दुकानदारों और बैंक शाखा प्रबंधकों को सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन कराने की भी हिदायत दी गई है।