लॉकडाउन में बाहर जाने से बचें, डाक विभाग घर बैठे देगा पैसा
हापुड़। कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लागू है। ऐसे में बाहर जाने का जोखिम न उठाएं, बल्कि पैसों की आवश्यकता पड़ने पर अपने नजदीकी डाकघर से संपर्क करें। एईपीएस योजना के तहत कोई भी बैंक खाताधारक जिसका एकाउंट आधार कार्ड से लिंक हो, वह घर बैठे डाकियां से एक दिन में अधिकतम 10 हजार रुपये तक का भुगतान पा सकता है। ऐसे में उन्हें संक्रमण के खतरे से भी छुटकारा मिल जाएगा।
कोरोना का संक्रमण पूरी दुनिया में फैल चुका है। इससे बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन का पालन करना आवश्यक है। पैसों के लिए लोग बैंकों के बाहर लगने वाली भीड़ में खड़े रहते हैं। ऐसे में उनमें संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में डाक विभाग की एईपीएस योजना उन्हें इस संक्रमण से बचा सकती है, साथ ही घर बैठे पैसे भी मुहैया करा सकती है। इस योजना के तहत कोई भी व्यक्ति जिसका किसी बैंक में खाता हो या उसके खाते में डीवीटी के माध्यम से वृद्धावस्था पेंशन, किसान सहायता या किसी भी योजना के अंतर्गत सरकारी धन प्राप्त हुआ है। वह इस धनराशि को लेना चाहे और बैंक जाने में असमर्थ हो तो सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए नजदीकी डाकघर अथवा गांव के शाखा डाकघर से व्यक्तिगत अथवा फोन से संपर्क कर डाक विभाग से भी एक दिन में अधिकतम दस हजार रुपये तक का भुगतान प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि इस सुविधा के लिए उसका एकाउंट आधार कार्ड से लिंक होना आवश्यक है।
पोस्ट मास्टर अरुण मोहन ने बताया कि लॉकडाउन में डाक विभाग की यह योजना लोगों के स्वास्थ्य और जरूरत के हिसाब से बेहद महत्वपूर्ण है। वह इस योजना का आसानी से लाभ उठा सकते हैं।