लाटरी प्रकरण : तीन लोगों पर गैंस्टर की कार्रवाई
हापुड़। शहर में करोड़ों रुपये की लॉटरी प्रकरण और धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की संस्तुति पर तीन आरोपियों के खिलाफ गैंस्टर की कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश गौतम ने बताया कि न्यू शिवपुरी निवासी पंकज गोयल ने नगर के प्रमुख बर्तन कारोबारी समेत चार लोगों पर लॉटरी के नाम पर करोड़ों रुपये ऐंठने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। पंकज ने वर्ष 2005 से 2018 तक करीब 18 लाख रुपये रजनीश अग्रवाल व सुशील अग्रवाल के पास जमा करा दिए थे। आरोप है कि लॉटरी के नाम पर जमा कराया गया रुपया देने से आरोपियों ने इंकार कर दिया। आरोपियों ने धोखाधड़ी कर उसकी जीवन भर की कमाई को हड़प लिया। इतना ही नहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। यह भी आरोप लगाया कि शहर के लोगों का करीब 100 करोड़ रुपये हड़प लिया। इतना ही नहीं प्लॉट के बैनामे के नाम पर आरोपियों ने उनके खाते में 23.68 लाख रुपये आरटीजीएस कराए गए थे।
इस मामले में लिप्त मोहल्ला श्रीनगर निवासी कृष्ण कुमार अग्रवाल, न्यू शिवपुरी रजनीश अग्रवाल व सुनील अग्रवाल के खिलाफ जिलाधिकारी अदिति सिंह व पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन की संस्तुति के बाद गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।