एटीएम में कैश नहीं, बैंकों में कतार लगा रहे लोग
हापुड़। बैंकों में इन दिनों बड़ी संख्या में ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। क्योंकि अधिकांश एटीएम में रुपये नहीं हैं। इसके चलते पैसा लेने वालों की बैंकों में कतार लगी है। मेरठ रोड आवास विकास स्थित एक बैंक के बाहर ऐसा ही नजारा सामने आया। ग्राहकों ने बैंक अधिकारियों पर एटीएम सेवा बहाल न करने का आरोप लगाया है।
कोरोना के संक्रमण के चलते पूरे देश में 14 अप्रैल तक लॉक डाउन लागू किया गया है। ऐसे में लोगों से घरों पर ही रहने की अपील की जा रही है। आलम यह है कि लोगों को अब पैसों की आवश्यकता पड़ने लगी है। आलम यह है कि लोग दिन निकलते ही बैंकों की दौड़ लगा रहे हैं।
सोमवार को मेरठ रोड स्थित आवास विकास में बैंक के बाहर ग्राहकों की लंबी कतार लग गई। इस बैंक के पास बने एटीएम में पैसे नहीं थे। जिसके चलते लोग पैसों के लिए बैंक के बाहर कतार लगाकर खड़े हो गए। कतार में लगे लोगों में कोरोना को लेकर काफी भय व्याप्त था, लेकिन बैंक अधिकारियों ने एटीएम में पैसा डालने की जरूरत नहीं समझी।
अधिवक्ता विश्वनाथ त्यागी का कहना है कि लॉक डाउन का वह सभी पालन कर रहे हैं। लेकिन बैंकों के एटीएम में व्यवस्था धड़ाम है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
एलडीएम आशुतोष पांडेय का कहना है कि बैंक अधिकारियों को एटीएम में पैसे रखने के निर्देश दिए हुए हैं। ग्राहकों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।