कृषि बीज, उर्वरकों की खरीद में नहीं होगी परेशानी, खुलेंगी दुकानें
हापुड़। कोरोना वायरस के चलते किसानों को गन्ना बुवाई के दौरान उर्वरक, कीटनाशक, बीज खरीद के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। बाजारों में इन चीजों की दुकानें खुली रहेंगी। किसानों की समस्या को देखते हुए अपर मुख्य सचिव ने यह आदेश जारी कर दिए हैं। हालांकि किसानों को सतर्कता बरतनी होगी, भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी।
इन दिनों जिले में गन्ने की बुवाई का समय चल रहा है। किसान आलू की खुदाई में जुटे हैं, ऐसे में गन्ना बुवाई के समय कीटनाशक, उर्वरकों की आवश्यकता पड़ती है। बहुत से किसान सब्जी आदि की खेती करते हैं। लेकिन लॉक डाउन के चलते बीते कई दिनों से यह दुकानें बंद चल रही थी। जिसके चलते किसान खासे परेशान थे।
बहरहाल, अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने कृषि क्षेत्र में उर्वरक, कीटनाशक, बीज आपूर्ति एवं बिक्री में छूट के आदेश दिए हैं। ऐसे में किसान अब अपनी जरूरत के हिसाब से सामान खरीद सकेंगे। हालांकि यह ध्यान रखें कि एक स्थान पर ज्यादा लोगों की भीड़ एकत्र न हो सके। दुकानदार भी इस बात का पूरा ध्यान रखें।