होली पर हर पांच मिनट में मिलेगी बस
हापुड़। होली पर यात्रियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े इसके लिए रोडवेज के अधिकारियों ने शत प्रतिशत बसों के संचालन का निर्णय लिया है। कर्मचारियों की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गई है। अधिकारियों ने दावा किया है कि हर पांच मिनट में बस सेवा मिलेगी। हालांकि लेकिन कुछ कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं, उनकी सूची तैयार की जा रही है। जल्द ही बड़ी कार्रवाई की तैयारी भी है।
होली के चलते बड़ी संख्या में लोग नौकरी आदि से अपने घरों को लौटते हैं। त्योहार बीतने के बाद फिर से लोग अपने कामों के लिए निकलते हैं। ऐसे में अधिकांश रोडवेज की बसों पर ही निर्भर रहते हैं। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए रोडवेज की बसों में इंसेंटिव योजना शुरू की गई है।
साथ ही कर्मचारियों की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गई हैं। लेकिन कुछ कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं, ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार करायी जा रही है। होली पर डिपो की समस्त 106 बसों का संचालन कराए जाने की बात कही जा रही है। वहीं, यात्रियों को हर पांच मिनट में बस सेवा देने का दावा भी किया जा रहा है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह ने बताया कि होली पर लापरवाह कर्मचारियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कर्मचारियों की सूची बनवायी जा रही है। कड़ी कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।
रेल यात्रियों को भी मिलेगी बेहतर सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। होली पर यात्रियों के बेहतर सुविधा देने के लिए रेलवे भी पूरी तरह से तैयार है। त्योहार पर घर जाने वाले रेलयात्रियों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। त्योहार को देखते हुए स्टेशन पर साफ सफाई पर भी जोर दिया जा रहा है।
त्योहारों पर रोडवेज के अलावा रेलवे पर भी दबाव बढ़ जाता है। लोग रोडवेज बसों के साथ-साथ ट्रेनों से भी अपने गृह जनपद पहुंचते हैं। इस बार नौ और दस मार्च को होली है। लोगों का ट्रेनों से अपने गृह जनपदों को ओर लौटना भी शुरू हो गया है।
इसको लेकर रेलवे विशेष सतर्कता बरत रहा है। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाले रेलयात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। हालांकि रेलवे स्टेशन पर कोच गाइडेंस सिस्टम (सीजीएस) के शुरू होने से रेलयात्रियों को सुविधा मिल रही है। इससे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को अपनी ट्रेन के कोच की सटीक जानकारी मिल रही है। स्टेशन पर भीड़भाड़ होने से उनको अपने सामान को इधर-उधर भी नहीं भागना पड़ेगा। रेलयात्रियों की ट्रेन छूटने के मामले में भी कमी आएगी।
हालांकि हापुड़ से होली स्पेशल ट्रेन नहीं चल सकी है। इसकी वजह से घर से दूर रहने वाले लोगों को गृह जनपद लौटने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनको अपनी सहूलियत के हिसाब से ट्रेन गाजियाबाद, दिल्ली और मेरठ से पकड़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन अधीक्षक एमआर मीना ने बताया कि होली त्योहार पर रेलयात्रियों को बेहतर रेल सुविधा देने पर जोर दिया जा रहा है। किसी भी रेलयात्री को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
काउंटर से बिल करें प्राप्त
त्योहारों पर भीड़ भाड़ बढने से स्टेशन पर बने काउंटर संचालक भी मौके को भुनाने में आगे रहते हैं। रेलयात्रियों को सामान पर अंकित मूल्य से अधिक का सामान देकर चूना लगाते हैं। इसको लेकर भी रेलवे अफसर सख्त हैं। उन्होंने काउंटर संचालकों को अंकित मूल्य पर सामान बेंचने और कैशलेस भुगतान कराने के लिए स्वेप मशीनों को भी चालू रखने के आदेश दिए हैं।
रेलवे ट्रैक नहीं करें पार
रेलवे अफसरों की अपील है कि त्योहारों पर रेलयात्रा करते समय सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें। जिससे किसी तरह का हादसा नहीं हो। जल्दबाजी में ट्रेन में नहीं पकड़े, रेलवे ट्रैक पार नहीं करें, फुटओवर ब्रिज और अंडर ब्रिज का प्रयोग करें।
स्टेशन पर न फैलाएं गंदगी
रेल यात्रा के दौरान स्टेशन और ट्रेन पर साफ सफाई का भी पूरा ध्यान रखें। जिससे स्टेशन को साफ सुथरा रखा जा सके। रेलवे अफसर ने चेतावनी दी है कि गंदगी फैलाने वालों बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके खिलाफ जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।