विदेश यात्रा करके लौटे लोगों को दिखाना होगा मेडिकल प्रमाण पत्र
हापुड़। अब विदेशों से हापुड़ लौटने वाले लोग वापसी के समय अपना मेडिकल प्रमाण पत्र साथ रखें। अन्यथा उन्हें जिले में एंट्री नहीं करने दी जाएगी। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप पर स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर दी है। रैपिड रेस्पोंस टीम ने निजी अस्पतालों का भी निरीक्षण शुरू कर दिया है। वहां संदिग्ध मरीजों को तलाशा जा रहा है। सीएमओ ने ब्लॉक स्तर पर गठित टीमों को भी कड़े दिशा निर्देश जारी किए हैं।
कोरोना का प्रकोप तेजी से फैल रहा है, दिल्ली में लगातार नए मरीजों की संख्या बढ़ रही है। हापुड़ से भी हजारों लोग रोजाना दिल्ली जाते हैं, ऐसे में यह संक्रमण जिले में भी अपना प्रकोप फैला सकता है। बहरहाल, जिले का स्वास्थ्य विभाग कोरोना से लड़ने की तमाम योजनाएं बना चुका है।
हापुड़ के बहुत से लोग विदेशों में भी रहते हैं, जिनका अक्सर यहां आना जाना लगा रहता है। ऐसे में विदेशों से चला यह रोग अपने जिले में पैर न पसार सके। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो भी लोग विदेश से यहां आएं वह साथ में मेडिकल प्रमाण पत्र अवश्य लाएं। ताकि उनके साथ किसी तरह का संक्रमण यहां न आ सके। महानिदेशालय से भी इस तरह की एडवाइजरी जारी कर दी गई है।
कुल मिलाकर विदेशों से हापुड़ लौटना है तो अपने साथ मेडिकल प्रमाण पत्र अवश्य लाना होगा। अन्यथा उन्हें जिले में प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके अलावा जहां पहले 17 देशों से आने वाले लोगों के हेल्थ स्क्रीनिंग का आदेश जारी किया गया था। अब दुनियाभर के किसी भी देश से हापुड़ आने वाले लोगों की पहले हेल्थ स्क्रीनिंग की जाएगी।
निजी अस्पतालों को देनी होगी सूचना
सीएमओ ने समस्त निजी अस्पतालों को निर्देशित किया है कि वह प्रत्येक संदिग्ध मरीज की जानकारी विभाग को दें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो वह कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अगर कोई इस तरह का मरीज आता है तो उसकी सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी। ताकि समय रहते वायरस को कंट्रोल किया जा सके और मरीज को बेहतर उपचार मिले।
अस्पतालों में उमड़ रही भीड़
कोरोना वायरस के भय के बीच इन दिनों सरकारी अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज उमड़ रहे हैं। इनमें अधिकांश वायरल बुखार, खांसी, जुकाम वाले है। इन दिनों मौसम भी आंख मिचौली खेल रहा है। कभी धूप निकल जाती है तो कभी तेज बारिश चल जाती है। कई दिन से मौसम में अचानक से बदलाव आया है। तेज गर्मी के बाद अचानक से पारा गिर गया। जो स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। एहतियात न बरतने वालों को बुखार, जुकाम, खांसी आदि बीमारी हो रही हैं। चिकित्सक उपचार के साथ ही इन मरीजों को न घबराने की सलाह दे रहे हैं।
- यह बरते सावधानी-
* एक दूसरे से हाथ न मिलाएं।
* किसी भी व्यक्ति से एक मीटर की दूरी से बात करें।
* खांसी, नजला होने पर भीड़ भाड़ वाले स्थान पर न जाएं।
* सांस लेने में समस्या होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रेखा शर्मा ने बताया कि विदेशों से आने वाले लोगों को मेडिकल प्रमाण पत्र बनवाकर साथ रखना होगा। बिना प्रमाण पत्र के उन्हें एंट्री नहीं मिलेगी। कोरोना वायरस को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।