कोरोना वायरस - जिले में हाई अलर्ट, संदिग्धों पर रखी जा रही कड़ी नजर
हापुड़। दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज मिलने की सूचना से हापुड़ में भी हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को एडवाइजरी जारी की है। जिसके बाद सीएमओ ने टीमों का गठन कर, उन्हें पीपीई किटों से लैस करा दिया है। साथ ही प्रत्येक संदिग्ध पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। बहरहाल, जिले में ऐसा कोई मरीज न मिलने का दावा किया जा रहा है।
चीन में कहर बरपा रहे कोरोना वायरस ने अब भारत में भी पैर पसार दिए हैं। दिल्ली, तेलंगाना, जयपुर में एक एक मरीज में पुष्टि होने के बाद उत्तर प्रदेश के आगरा, नोएडा व कुछ अन्य जिलों में भी संदिग्ध मरीज मिलने की सूचना मंगलवार को दिनभर हड़कंप मचाती रही।
मामले की गंभीरता पर डीएम अदिति सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क कर दिया है। जिसके बाद जिले में हाईअलर्ट घोषित है। सीएमओ ने इस रोगों पर नियंत्रण लगाने के लिए टीमों का गठन कर दिया है। प्रत्येक टीम क्षेत्र में संदिग्ध मरीजों पर नजर रखेंगी।
संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए मिली किट
संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए टीम को पीपीई किट दी गई है। मरीज का सैंपल उक्त किट के जरिए जांच के लिए मेरठ, दिल्ली भेजा जाएगा। क्योंकि अन्य स्थानों पर जांच की सुविधा नहीं है। टीम को जो भी मरीज संदिग्ध दिखाई देगा उसका सैंपल लेकर उक्त किट के माध्यम से संबंधित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। उक्त किट में सैंपल सुरक्षित रहेगा।
लोगों को जागरूक करेंगी टीमें
कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को जागरूक करना शुरू कर दिया है। प्रत्येक टीम गांव, शहर में घर घर जाकर लोगों को बचाव की जानकारी देंगे। हालांकि जिले में संचारी रोगों से बचाव को अभियान चलाया जा रहा है। स्कूलों से लेकर गांव व शहर में विभिन्न रोगों की जानकारी दी जा रही है। अब कोरोना वायरस के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।
-इस तरह करें बचाव-
*हाथों को मुंह और नाक पर बार बार न लगाएं।
*भीड़ भाड़ वाले स्थानों से दूर रहें।
*पेय पदार्थों का सेवन करें।
*खांसी, जुकाम होने पर मुंह पर कपड़ा ढककर रहें।
*परेशानी होने पर चिकित्सकों से परामर्श लें।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रेखा शर्मा ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर जिले में हाईअलर्ट घोषित कर दिया है। टीमों को निर्देशित किया जा चुका है। लोग जागरूक रहें और सावधानी बरतें।