चोरी की छह बाइकों के साथ दो वाहन चोर दबोचे
हापुड़। कोतवाली और स्वाट टीम ने मोदीनगर रोड से चोरी की बाइक के साथ दो आरोपियों को दबोच लिया। जबकि दो आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की छह बाइक बरामद की हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अविनाश गौतम ने बताया कि शहर में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस सक्रिय है। सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि मोदीनगर रोड पर कुछ वाहन तस्कर चोरी की बाइकों को बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने केशव नगर चौकी के पास वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को बाइकों पर सवार होकर चार संदिग्ध युवक आते हुए दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर चारों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया। जबकि दो अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में कामयाब हो गए।
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम नाजिम पुत्र सत्तार व सिकंदर पुत्र नाजिम निवासी मोहल्ला जाकिर कालोनी मेरठ बताए हैं। जबकि फरार होने वालों में नोजर पुत्र मुनाजर व सुहेल पुत्र इकबाल निवासी तोड़ी जिला गाजियाबाद शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि ये सभी शातिर किस्म के चोर हैं। ये लोग हापुड़ के अलावा मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा से बाइक चोरी करके शातिर तरीके से चेचिस नंबर और नंबर प्लेट बदलकर भोले भाले लोगों को बेच देते थे। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की छह बाइक बरामद की हैं। इनके कब्जे से एक तमंचा भी बरामद किया है।