कार लोन लिए बिना फाइनेंस कंपनी ने भेजा रिकवरी का नोटिस
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के त्यागी नगर निवासी एक व्यक्ति को एक फाइनेंस कंपनी की तरफ से बिना वजह लाखों की रिकवरी के नोटिस भेजे जा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि जिस वाहन का नोटिस पीड़ित को भेजा जा रहा है, वह उसने कभी खरीदा ही नहीं। शिकायत पर अभद्रता और धमकी मिलने पर पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर, कार्रवाई की गुहार लगाई है।
त्यागी नगर निवासी अनिल त्यागी ने बताया कि जुलाई 2019 को एक फाइनेंस कंपनी की ओर से उन्हें 2.72 लाख की बकायेदारी का एक नोटिस भेजा गया। इस नोटिस में एक वाहन का नंबर भी लिखा गया था। आरोप है कि जिस वाहन नंबर का नोटिस उन्हें जारी किया जा रहा है। कभी यह वाहन उन्होंने खरीदा ही नहीं था।
आरोप है कि नोटिस को लेकर जब वह फाइनेंस कंपनी पहुंचा तो वहां के अधिकारियों ने उसे भविष्य में नोटिस न भेजने की बात कही। लेकिन बार बार फिर से नोटिस जारी किया जा रहा है। इस संबंध में पहले भी पुलिस में शिकायत की जा चुकी है। लेकिन कोई राहत नहीं मिली। पीड़ित ने अब एसपी से शिकायत कर, कार्रवाई की गुहार लगाई है।