ड्राई जोन में धड़ल्ले से बिक रही शराब, खुलेआम हो रहा प्रचार
गढ़मुक्तेश्वर। तीर्थ नगरी होने के कारण गंगानगरी ब्रजघाट को शासन द्वारा ड्राई जोन घोषित किया हुआ है, इसके बावजूद भी गंगा नगरी में अवैध रूप से खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है। शराब माफियाओं ने निडर होकर बिक्री के लिए खंभों पर प्रचार किया हुआ है, लेकिन आबकारी समेत स्थानीय पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मौन हैं। अवैध शराब के सेवन से कभी भी क्षेत्र में बड़ा हादसा होने की संभावना बनी हुई है। स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
गंगानगरी ब्रजघाट ड्राई जोन घोषित होने के चलते यहां पर शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। तीर्थ नगरी में तीन किलोमीटर के क्षेत्र में शराब की बिक्री पर रोक होने के बावजूद खुलेआम अवैध शराब की बिक्री चल रही है। शराब विक्रेता इतने निडर है कि शराब खरीदने वाले को उन तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो, इसलिए उन्होंने बिजली निगम द्वारा लगवाए गए खंभों पर खुलेआम प्रचार कराया हुआ है। इसके बावजूद भी आबकारी, पुलिस-प्रशासन की नजर इस ओर नहीं जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होना पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। कुछ दिन पूर्व गंगा घाट सभा ने ब्रजघाट चौकी में भी तहरीर देकर शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अभी तक भी ड्राई जोन में शराब की बिक्री पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
देशी शराब से 12 से अधिक लोगों की हो चुकी है मौत
- विदित रहे कि करीब एक दशक पहले गढ़ तहसील क्षेत्र के गांव कनौर में अवैध रूप से बेची जा रही देशी शराब के सेवन से एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। जिसके बाद आबकारी समेत पुलिस विभाग ने बड़े स्तर पर धरपकड़ अभियान चलाया था, लेकिन अब फिर ढिलाई के चलते अवैध शराब की बिक्री जोरों पर चल रही है। जिससे कभी भी बड़ी घटना होने की संभावना बनी हुई है।
शराब माफियाओं पर होगी कार्रवाई
- आबाकारी निरीक्षक सीमा कुमारी ने बताया कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है, लेकिन अब छापामार कार्रवाई कर शराब माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।