जादू की झप्पी देकर रिश्तों में लाएं मिठास
हापुड़। वेलेंटाइन वीक का छठा दिन हग डे के रूप में मनाया जाएगा। जादू की झप्पी देकर रिश्तों में मिठास लाने का यह सुनहरा अवसर है। बस उस पल को याद कीजिए कि आपका कोई दोस्त, मां, भाई या दिल के करीब रहने वाला कोई खास आपको गले लगाता है तो आप सारे गम भूल जाते हैं। आपको एक ऐसा सुकून मिलता है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जाता। हालांकि वेलेंटाइन वीक के पांचवे दिन मंगलवार को प्रॉमिस डे के रुप में मनाया गया। इस दौरान प्रेमी युगल ने एक-दूसरे का साथ निभाने का वादा किया।
वेलेंटाइन वीक का रंग हापुड़ शहर में युवाओं पर चढ़ रहा है। मंगलवार को प्रॉमिस डे मनाने को लेकर खासा क्रेज दिखा। युवाओं ने अपने साथी संग प्रॉमिस डे अपने अंदाज में मनाया। इस दौरान शहर के रेस्टोरेंट में काफी भीड़ रही तो वहीं कुछ ने अपने पार्टनर संग मूवी देखी। युवाओं से लेकर कपल्स ने अपने प्रिय को गिफ्ट देकर प्यार को पक्का किया। वहीं बुधवार को वेलेंटाइन वीक का छठा दिन हग डे के रूप में मनाया जाना है। इसको लेकर भी लोगों में काफी जोश में दिखे।