कल हापुड़ पहुंचेगा धनौरा का लाल कार्तिक त्यागी
हापुड़। अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में अपने धारदार गेंदबाजी से विपक्षी टीमों के बल्लेबाजों के पसीने छुटाने वाले गांव धनौरा के कार्तिक त्यागी बृहस्पतिवार को अपने गांव पहुंचेंगे। हापुड़ से ही उनका भव्य स्वागत शुरू होगा, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन से भी अनुमति ली जा रही है।
गांव धनौरा निवासी योगेंद्र त्यागी के पुत्र कार्तिक त्यागी ने क्रिकेट के मैदान पर अद्भुत प्रदर्शन कर, जिले का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है। वर्ल्ड कप में भले ही टीम इंडिया उप विजेता रही है। लेकिन कार्तिक त्यागी ने सभी के दिलों को जीत लिया है। उनका चयन आईपीएल में भी हो चुका है। बृहस्पतिवार को कार्तिक त्यागी अपने गांव आएंगे। इसको लेकर लोगों ने स्वागत की तैयारियां जोरशोर से शुरू कर दी हैं। हापुड़ आगमन पर स्वागत के बाद रोड शो के जरिए उनका अभिनंदन किया जाएगा। इसकी अनुमति प्रशासन से ली जा रही है। कार्तिक त्यागी युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन चुके हैं। उनके आगमन को लेकर युवाओं में काफी उत्सुकता है।
धनौरा के ग्राम प्रधान पति योगेश्वर त्यागी ने बताया कि जिला प्रशासन से कार्तिक त्यागी के स्वागत कार्यक्रम की अनुमति ली जा रही है। हजारों लोग कार्तिक का भव्य स्वागत करेंगे। कार्तिक के घर भी खुशी का माहौल है।