गोवंश संरक्षण में लापरवाही पर ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित
हापुड़। गोवंश संरक्षण में लापरवाही ग्राम पंचायत अधिकारी को महंगी पड़ गयी। ग्राम वझीलपुर के ग्रामीणों द्वारा हंगामे और गोवंशों को स्वास्थ्य केंद्र में बंद कराने के मामले को गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी नीरज कुमार को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई से विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले गांव वझीलपुर के ग्रामीणों ने फसलों को नुकसान से बचने के लिए गोवंशों को ग्राम पंचायत अधिकारी नीरज कुमार के कहने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बंद करा दिया था, ताकि इन्हें गोशाला भेजा जा सके। लेकिन इसके बाद नीरज कुमार ने गोवंशों की कोई सुध नहीं ली। ग्रामीणों द्वारा गोवंशों को कैंटर में भरकर गोशाला भेजा गया, लेकिन सचिव के न पहुंचने के कारण गोवंशों को दोबारा लाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बंद कर दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा किया था।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी यावर अब्बास ने ग्राम पंचायत अधिकारी नीरज कुमार को निलंबित कर दिया है। नीरज कुमार पर कार्रवाई करते हुए सहायक विकास अधिकारी हापुड़ कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इसके अलावा मामले में सहायक विकास अधिकारी सिंभावली को मामले की जांच सौंपी गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी का कहना है कि इस मामले में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।