चोरी का मोटर लेकर जा रहे तीन आरोपी गिरफ्तार
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गोहरा आलमगीरपुर स्थित गौशाला में से बीते एक फरवारी को चोरी की गई नलकूप की मोटर समेत पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। संबंधित धाराओं में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार एक फरवरी की रात गोहरा आलमगीरपुर की गौशाला से मोटर चोरी किया गया था। इस संबंध में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। गांव छतनौरा के पास चौकी प्रभारी राकेश कुमार टीम के साथ चैकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली की तीन संदिग्ध व्यक्ति औरंगाबाद की ओर से आ रहे हैं।
उनके पास विद्युत मोटर और असलाह भी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए घेराबंदी कर, तीनों आरोपियों को मोटर समेत दबोच लिया गया। तीनों आरोपियों की पहचान सनी पुत्र महीपाल सिंह निवासी औरंगाबाद, चंद्रपाल उर्फ मोर पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी सरीफपुर, टिंकु पुत्र चंद्र निवासी औरंगाबाद के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि तीनों आरोपियों से मोटर, चाकू, तमंचा बरामद कर लिया गया है। इनके खिलाफ पहले भी अलग अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
तेज रफ्तार पिकअप ने कार में मारी टक्कर, पांच घायल
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-9 स्थित एक ढाबे के पास दो गाड़ियां आपस में टकरा गई। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
दिल्ली निवासी आशीष पुत्र रामकिशोर अपनी कार से गढ़ से हापुड़ की ओर आ रहे थे। तभी तेज गति से आ रही पिकअप गाड़ी ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए।
थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों के बीच फैसला हो गया है।