निर्माणाधीन अस्पताल से ड्रिल मशीन समेत हजारों की चोरी
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के सबली रोड पर निर्माणाधीन अस्पताल से अज्ञात चोरों ने ड्रिल मशीन समेत हजारों रुपये का बिजली का तार चोरी कर लिया। अस्पताल संचालक ने इस मामले में पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
फ्रीगंज रोड निवासी डा.पराग शर्मा सबली रोड पर अपने अस्पताल का निर्माण करा रहे हैं। निर्माण के चलते कीमती मशीन व अन्य सामान वहीं रहता है। रात में चोरों ने अस्पताल परिसर में घुसकर हजारों रुपये की ड्रिल मशीन को चोरी कर लिया। इतना ही नहीं बिजली का तार आदि भी चुरा कर ले गए, इस मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।