जिला योजना की बैठक में रखे जाएंगे 168.23 करोड़ के प्रस्ताव
हापुड़। जिले के प्रभारी मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में जिला योजना की बैठक का आयोजन आज होगा। बैठक में 168.23 करोड़ के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। पिछले वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष योजना में 9.31 करोड़ रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है।
विकास भवन में आयोजित बैठक में जिले के विकास का खाका तैयार होगा। इस बार भी जिले मेें विकास के लिए भारी भरकम बजट तैयार किया गया है। लेकिन समस्या यह है कि बैठकों में प्रस्तावित बजट को पास नहीं किया जाता। जिसके कारण विकास की योजनाएं परवान नहीं चढ़ पाती। पिछले कुछ वर्षों में बैठकों में पारित बजट की आधी धनराशि ही विभागों को मिल पाती है। जिसके कारण आधा अधूरा विकास ही हो पाता है। पिछले कुछ वर्षों की बात की जाए तो वर्ष 2013-14 में जिले के लिए 65.12 करोड़ का बजट प्रस्तावित था, जिसमें से जिले को मात्र 16.71 करोड़ रुपया ही प्राप्त हुआ। यह जिला हापुड़ बनने के बाद जिला योजना की पहली बैठक थी। वर्ष 2014-15 में 65.12 करोड़ में से 27.11 करोड़ ही प्राप्त हुए। पिछली बैठक में 184.67 करोड़ में से मात्र 72.40 करोड़ रुपया ही जिले को मिल पाया था। इस बार प्रस्तावित 168.23 करोड़ बजट से जिले के कुल 41 विभागों के लिए विभिन्न योजनाओं के लिए विकास कार्य और योजनाएं प्रस्तावित हैं। अब देखना है कि बैठक में चर्चा के बाद किन किन कार्यों पर मुहर लगती है।
आलमगीरपुर स्थित बंगाली कॉलोनी जाएंगे प्रभारी मंत्री
विकास भवन में आयोजित जिला योजना की बैठक के बाद जिला मंत्री संदीप सिंह गढ़ स्थित आलमगीरपुर में बंगाली कालोनी में जाएंगे। यहां करीब पांच सौ बंगाली हिंदू परिवार रहते हैं। इनकी नागरिकता को लेकर वे कोई घोषणा कर सकते हैं। हालांकि फिलहाल इसे उजागर नहीं किया गया है। डीपीआरओ यावर अब्बास ने उनके दौरे की पुष्टि की।