हापुड़ के लाल कार्तिक ने विश्वकप में लहराया परचम
हापुड़। हापुड़ के गांव धनौरा के लाल कार्तिक त्यागी ने अफ्रीका में खेले जा रहे अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप में अपनी धारदार गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया है। मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार विकेट लेकर, कार्तिक ने परचम लहराया।
धनौरा निवासी योगेंद्र त्यागी के पुत्र कार्तिक त्यागी की गेंदबाजी का लोहा दुनियाभर के बल्लेबाज मान रहे हैं। अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप के शुरूआती मैचों से ही कार्तिक ने विपक्षी टीमों के दिग्गज बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया।
मंगलवार को भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से था। ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी के सामने भारतीय टीम निर्धारित ओवर में 233 ंन बना सकी। ऐसे में गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी। कार्तिक त्यागी ने टीम की ओर से पहला ओवर करते हुए पहली ही गेंद पर बल्लेबाज को रन आउट, इसी ओवर की चौथी गेंद पर एलपीडब्ल्यू और पांचवीं गेंद पर बल्लेबाज को बोल्ड कर दिया। इस मेच में कार्तिक ने चार विकेट झटके।
कार्तिक की धारदार गेंदबाजी के चलते ऑस्ट्रेलिया की टीम पत्तों की तरह बिखर गई। इस मैच में कार्तिक ने चार विकेट लेकर, परचम लहरा दिया है। उसकी उपलब्धि से परिजनों समेत जिलेवासियों में खुशी का माहौल है।