ग्रामीणों ने चकबंदी अधिकारी के कार्यालय का किया घेराव
धौलाना। फगौता में मंगलवार को ग्रामीणों ने पुरानी तहसील स्थित सहायक चकबंदी अधिकारी के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में चकबंदी नहीं कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना कि गांव निवासी चकबंदी प्रक्रिया लागू नहीं कराना चाहते हैं। इस दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित किसानों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। ग्रामीण वेदपाल सिंह ने बताया कि पूर्व में चकबंदी विभाग ने संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक आयोजित की थी। जिसमें 12 सौ किसानों में से मात्र तीन सौ खाताधारक किसानों द्वारा चकबंदी का समर्थन किया गया था, जबकि नौ सौ किसानों ने विरोध जताया था। सहायक चकबंदी अधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि आकार-पत्र 5 में दिए गए विवरणों और खातेदारों से मिलने वाली आपत्तियों के आधार पर अभिलेखों को शुद्ध कर आदेश पारित किए जाएंगे। जो इन आदेशों से सहमत नहीं होगा वो बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी के यहां अपील कर सकता है।
प्रदर्शन के दौरान छबील सिंह, चेयरमैन रविंद्र सिंह, राजकुमार, मान सिंह, सुमेर सिंह, राजवीर सिंह, सुरेश सिंह, देवेंद्र सिंह, अनिल सिंह, पदम सिंह, अतुल गहलोत, जयवीर सिंह, सोनी सिंह, कैलाश सिंह, अनिल सिंह, कृष्ण सुंदर सिंह, इन्द्रपाल सिंह, अजब सिंह, नरेन्द्र शर्मा, धूम सिंह आदि मौजूद रहे।