सीएए के विरोध में उपद्रव करने वाले तीन आरोपी दबोचे, हड़कंप
हापुड़। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) व एनआरसी के विरोध में 20 दिसंबर 2019 को शहर में हुए उपद्रव के मामले में हापुड़ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात को दबिश देते हुए उपद्रव में चिन्हित किए गए तीन आरोपियों को दबोच लिया। जल्द ही अन्य चिन्हित आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गौरतलब है कि नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 20 दिसंबर को जुमे की नमाज के बाद बुलंदशहर रोड पर हजारों की संख्या में भीड़ सड़कों पर प्रदर्शन के लिए उतर आई थी। इस भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने बुलंदशहर रोड, गढ़ रोड, कोठीगेट पर जमकर उत्पात मचाया था। पुलिस पर पथराव के अलावा कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को भीड़ पर लाठीचार्ज करना पड़ा था। एसपी संजीव सुमन के साथ खुद डीएम ने मैदान में उतरकर हालातों पर काबू पाया था। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी व उपद्रवी भी घायल हुए थे। कोतवाली पुलिस ने दो सौ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।
पुलिस ने वीडियो और फोटोग्राफ के आधार पर करीब 50 उपद्रवियों को चिन्हित किया था। इस मामले में अभी तक शांत पड़ी कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई शुरू की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अविनाश गौतम ने पुलिस टीम के साथ शुक्रवार रात दबिश देकर मोहल्ला पुराना बाजार कोटला यूसुफ निवासी रईस उर्फ अल्लाह, रफीक नगर निवासी सलमान और मजीदपुरा निवासी हाकमीन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई से उपद्रव करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
एएसपी सर्वेश कुमार ने बताया कि तीन चिन्हित आरोपियों के अलावा जिन आरोपियों की पहचान की जा चुकी है, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
जुलूस निकालने वाली महिलाएं भी होंगी मुचलका पाबंद
- उपद्रवी पुलिस के खिलाफ कार्रवाई के अलावा पुलिस इस मामले में किसी भी स्थिति में ढिलाई बरतने के मूड में नहीं दिख रही है। विरोध में जुलूस निकालने वाली महिलाओं को भी मुचलका पाबंद किया जाएगा। एएसपी ने बताया कि चिन्हित महिलाओं के खिलाफ 25 लाख तक मुचलका पाबंद करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। स्वीकृति के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।