दिन में तेज धूप को देख खिले चेहरे, बाजार में उमड़ी भीड़
हापुड़। कोहरे और धुंध के चलते पिछले कई दिन से हो रही परेशानी से लोगों को बृहस्पतिवार को कुछ राहत मिल गई। सुबह से चली तेज हवाओं ने मौसम पूरी तरह से साफ कर दिया। इस दौरान निकली तेज धूप को देख लोगों के चेहरे खिल उठे। लोगों ने पार्क व घरों की छतों पर बैठकर धूप का मजा लिया। वहीं बाजार में भी लोगों की खासी भीड़-भाड़ रही।
दिन की शुरूआत तेज पछुवा हवाओं के साथ हुई। तेज हवाओं के चलते मौसम पूरी तरह से साफ हो गया। पिछले दो तीन दिन से जारी कोहरे और धुंध का असर भी पूरी तरह से खत्म रहा। दिन में सुबह से ही तेज धूप निकलने से लोगों को राहत रही। हालांकि तेज ठंडी हवाओं से लोगों को कुछ परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। सुबह और शाम के समय तो लोग इन तेज हवाओं से खासे परेशान दिखायी दिए। शाम के समय जल्दी ही लोग घरों में दुबक गए और सड़कों पर सन्नाटा परसा रहा। तेज हवा चलने से लोगों को ठिठुरन का एहसास भले ही हुआ हो, लेकिन तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 08 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी मौसम खुला हुआ रहने की उम्मीद है।