दिन में निकली धूप, सर्दी से मिली मामूली राहत
हापुड़। मौसम में ठिठुरन लगातार बनी हुई है। सोमवार को दिन में हल्की धूप से कुछ देर के लिए राहत जरूर मिली, लेकिन गलन अभी भी बरकरार है। सुबह शाम लोगों को घरों से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक सप्ताह पहले चटक धूप खिलने से सर्दी का प्रकोप काफी कम हो गया था। दिन में सामान्य मौसम बना रहने से लोग राहत की सांस ले रहे थे। लेकिन इसके बाद दो दिन हुई बारिश ने मौसम बदल दिया। आसमान पर लगातार बादल छाए हुए हैं। सोमवार को भी फिर से आसमान में हल्के बादल छाए रहे। इसके चलते जिले का न्यूनतम तापमान 08 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि दिन में हल्की धूप निकली जिसके कारण कुछ राहत जरूर मिली। लेकिन शीतलहरी हवाओं से दुपहिया वाहनों पर चलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह कोहरा भी अपेक्षाकृत कम रहा और जल्दी ही सड़कों से धुंध हट गयी। कुल मिलाकर सुबह और शाम की कंपकंपाती सर्दी ने लोगों को परेशान किया हुआ है। पाले के कारण गलन कम होने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अभी सर्दी की ऐसी ही स्थिति रहेगी।