पत्नी से कहासुनी पर मायके वालों ने ससुरालियों को धुना
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर कालोनी निवासी पति पत्नी के बीच मामूली कहासुनी पर पत्नी ने अपने मायके वाले बुला लिए। मायके वालों ने घर में घुसकर ससुराल पक्ष पर हमला बोल दिया। जिसमें एक वृद्धा का कान कट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की है।
मोहल्ला आदर्श नगर कॉलोनी निवासी वृद्धा विमला ने बताया कि उसके पुत्र आशू उर्फ अमरजीत की शादी वर्ष 2010 में जनपद मेरठ के थाना मुंडाली क्षेत्र के गांव अजराड़ा निवासी एक महिला से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से महिला ने परिवार को लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। रविवार रात उसके पुत्र व पुत्रवधु के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। परिवार के लोगों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया। लेकिन सोमवार दोपहर मायके पक्ष के लोग उनके यहां एकत्र हो गए। इन लोगों ने घर में घुसकर गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने वृद्धा पर चाकू से वार किया। जिससे उसका कान कट गया। मारपीट में परिवार के अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने वर पक्ष से अमरजीत व बब्लू व दूसरे पक्ष से बिट्टू, अरूण, रोहित को हिरासत में ले लिया। इनके खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गयी है।