रविवार को भी शहर में लगा रहा जाम
हापुड़। जाम से लोगों का रविवार को भी पीछा नहीं छूट रहा है। रविवार को दिल्ली रोड, गढ़ रोड व मेरठ रोड पर लगभग पूरे दिन जाम के हालात रहे। इस स्थिति से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। शहर में देर शाम तक जाम के हालात बने रहे।
अक्सर रविवार के दिन लोगों को जाम से राहत रहती है, लेकिन इस रविवार लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मेरठ गाजियाबाद के बीच जाने वाले ट्रैफिक से पहले ही लोग परेशान हैं, इसके अलावा शादी समारोहों के कारण बढ़े वाहनों के दबाव ने हालात खराब कर दिए हैं। जिसके कारण दिल्ली रोड, मेरठ रोड, गढ़ रोड के अलावा बुलंदशहर रोड पर लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। दिल्ली रोड पर अर्जुन नगर तक वाहनों की कतार लगी रही। बाइक सवारों ने रांग साइड और गलियों में होते हुए जाम से बचने का प्रयास किए लेकिन चौपहिया वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे।
उधर, मेरठ रोड फ्लाई ओवर पर लोगों को जाम से जूझना पड़ा। वाहनों की लंबी लंबी लाइन लग गयी। देर रात तक यहां जाम के हालात बने रहे। यातायात प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि शादी समारोहों के चलते वाहनों पर अत्यधिक दबाव के कारण लोगों को जाम से जूझना पड़ा। हालांकि यातायात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से हालातों में जल्द ही काबू किया गया।