पुरानी पेंशन बहाली के लिए 21 को धरना देंगे शिक्षक
हापुड़। उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के आह्वान पर 21 जनवरी को बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षक जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। इसमें अपनी जायज मांगों को उठाकर, मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा जाएगा।
उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह शिशौदिया व जिला मंत्री नीरज चौधरी ने कहा कि शिक्षक अपनी प्रमुख मांगों के निस्तारण को लेकर बीते काफी समय से मांग उठा रहे हैं। लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है। उनकी प्रमुख मांग पुरानी पेंशन योजना को लागू कराने, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कराने।
प्रत्येक विद्यालय में लिपिक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नियुक्ति की जाए, प्रेरणा एप प्रणाली परिषदीय विद्यालयों में लागू करने पर तत्काल रोक लगायी जाए। इन मांगों के समेत 12 सूत्रीय मांगों के निस्तारण को लेकर 21 जनवरी को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन होगा। डीएम को ज्ञापन देकर, इन समस्याओं के निस्तारण की आवाज उठाई जाएगी।