हाईवे निर्माण के दौरान विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त
हापुड़। हाईवे निर्माण में लगे डंपर व मशीनों ने बिजली व्यवस्था को चौपट कर दिया है। अब मुबारिकपुर सलामतपुर में विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई है। जिसके चलते तीन दिन से इस गांव के जंगल की आपूर्ति बाधित है। किसानों को फसलों की सिंचाई में परेशानी हो रही है।
एनएच-24 के समानांतर एक अन्य हाईवे विभिन्न गांवों से होकर बनाया जा रहा है। लेकिन कार्यदायी संस्था की अनदेखी के कारण हाईवे निर्माण में लगी मशीनें व डंपर विद्युत लाइनों को जमकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। उपैड़ा क्षेत्र के एसडीओ द्वारा ठेकेदार पर एफआईआर भी दर्ज करायी जा चुकी है।
लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। अब गांव मुबारिकपुर सलामतपुर के जंगल में विद्युत लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। जिसके चलते दर्जनों नलकूप ठप हो गए हैं। इस संबंध में किसान बिजली निगम के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन राहत नहीं दिलायी गई है।
उप खंड अधिकारी प्रभव हारीत ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है। कार्यदायी संस्था के खिलाफ थाने में तहरीर दी जाएगी। किसानों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।